श्रावण मास में दर्रांगपुर बनेगा धर्म और भक्ति का केंद्र, एक माह तक होंगे रामचरितमानस पाठ, शिव महापुराण कथा और रुद्राभिषेक

पंडरिया/कवर्धा। श्रावण मास के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के ग्राम दर्रांगपुर स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में एक माह तक धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी। श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी सेवा समिति, दर्रांगपुर के तत्वावधान में 30 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ, मानस गान, मानस प्रवचन, शिव महापुराण कथा, रुद्राभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
समिति के अनुसार पूरे श्रावण मास में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात्रि तक अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ, मानस गान एवं मानस प्रवचन का क्रम चलेगा। विभिन्न तिथियों पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रहने की उम्मीद है।
21 से 29 अगस्त तक होगी शिव महापुराण कथा
आयोजन का मुख्य आकर्षण 21 से 29 अगस्त तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा होगी। प्रसिद्ध कथावाचक पं. निलेश तिवारी महाराज (शास्त्री) प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कथा का वाचन करेंगे। कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, शिवलिंग की उत्पत्ति, शिव-पार्वती विवाह, द्वादश ज्योतिर्लिंगों का महत्व तथा शिव पुराण के विभिन्न आध्यात्मिक प्रसंगों का विस्तृत वर्णन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार 21 अगस्त को मंगल कलश यात्रा एवं कथा महात्म्य, 22 अगस्त को शिवलिंग की उत्पत्ति, 23 अगस्त को नारद मोह एवं कुबेर चरित्र, 24 अगस्त को सती चरित्र एवं सृष्टि वर्णन, 25 अगस्त को शिव-पार्वती विवाह, 26 अगस्त को त्रिपुरासुर वध एवं गणेश-कार्तिक जन्म, 27 अगस्त को द्वादश ज्योतिर्लिंग महिमा, 28 अगस्त को पंचाक्षर मंत्र का वर्णन तथा 29 अगस्त को पूर्णाहुति एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
मानस मंडलियों की होगी धार्मिक प्रस्तुति
30 जुलाई से 28 अगस्त तक क्षेत्र के विभिन्न गांवों की मानस मंडलियां श्रीरामचरितमानस पाठ, मानस गान एवं प्रवचन प्रस्तुत करेंगी। इसमें दर्रांगपुर, नयापारा, लखनपुर-बेली, पटपरसोडा, मड़वाड़ा, कन्हेरी, पलानसरी, कुण्डी, जंगलीपुर, अंधियारखोरे, मड़गड़ा सहित आसपास के कई गांवों की मंडलियां भाग लेंगी। इससे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्रीय सांस्कृतिक सहभागिता भी देखने को मिलेगी।
रुद्राभिषेक और रामायण कथा का भी आयोजन
श्रावण मास के दौरान भगवान शिव के विशेष पूजन-अर्चन के तहत 3 एवं 4 अगस्त को शिव महाअभिषेक आयोजित किया जाएगा। वहीं 6 से 8 अगस्त, 9 अगस्त तथा 10 से 13 अगस्त तक विभिन्न स्थानों पर रामायण कथा का आयोजन भी प्रस्तावित है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष बाबा सिंह बैस (ताई सिंह) ने बताया कि श्रावण मास की धार्मिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित करने तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को धर्म से जोड़ने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं ग्रामीणों से कार्यक्रमों में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



