3 अगस्त को बुढ़ामहादेव से भोरमदेव तक निकलेगी आस्था की पदयात्रा, नपाध्यक्ष ने मातृशक्ति से किया शामिल होने का आह्वान

कवर्धा। सावन माह के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को बाबा बुढ़ामहादेव मंदिर से भगवान भोरमदेव मंदिर तक आयोजित होने वाली भव्य पदयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने भाजपा महिला मोर्चा, महिला शहर मंडल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, महिला मंडल एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ बैठक कर पदयात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में नपाध्यक्ष ने कहा कि यह पदयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे कवर्धा शहर की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना का माध्यम है। उन्होंने सभी से अपने-अपने वार्डों में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को पदयात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को पदयात्रा मार्ग, मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद और सभी पार्षद मिलकर इस वर्ष की पदयात्रा को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा के दौरान अमरकंटक से लाए गए मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का महाअभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर समस्त नगरवासियों की सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की जाएगी।
नपाध्यक्ष ने कहा कि श्रावण मास में आयोजित यह धार्मिक आयोजन केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे माह विभिन्न धार्मिक गतिविधियों का केंद्र रहेगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से भक्तिभाव के साथ पदयात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।





