नए बस स्टैंड के पास चखना सेंटरों का जमावड़ा, यात्रियों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा

कवर्धा। शहर के राजनांदगांव बाइपास स्थित नए बस स्टैंड को यात्रियों की सुविधा के उद्देश्य से शुरू किया गया था, लेकिन संचालन के कुछ ही समय बाद यहां अव्यवस्थाओं ने सिर उठाना शुरू कर दिया है। बस स्टैंड के ठीक आसपास संचालित चखना सेंटरों पर दिनभर भीड़ लगी रहती है, जहां शराब पीने वालों का जमावड़ा आम बात बन गया है। इससे बस स्टैंड का माहौल प्रभावित हो रहा है और यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों का कहना है कि बसों का इंतजार करने के दौरान उन्हें शराब के नशे में धुत लोगों के बीच बैठना पड़ता है। कई बार शोर-शराबा, अभद्र व्यवहार और विवाद जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शाम होते-होते स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस स्टैंड के आसपास इस तरह की गतिविधियां सार्वजनिक स्थल की गरिमा को प्रभावित कर रही हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा के लिए बनाए गए बस स्टैंड के समीप खुलेआम चखना सेंटरों का संचालन प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा करता है।
लोगों ने मांग की है कि बस स्टैंड के आसपास संचालित चखना सेंटरों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जाए और बस स्टैंड परिसर एवं उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके। प्रशासन यदि समय रहते इस समस्या पर गंभीरता से कदम नहीं उठाता, तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता।




