विविध

कबीरधाम में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: युवक की हत्या कर बोरी में भरकर फेंका शव, 3 आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम, 31 मई 2026।
कबीरधाम जिले में एक सनसनीखेज हत्या प्रकरण का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्राम बैहरसरी निवासी युवक कोमल वर्मा की हत्या कर उसके शव को बोरी में भरकर थाना पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोंढा में फेंक दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस ने त्वरित जांच कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में थाना बोडला और चौकी पौड़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा 28 मई 2026 को घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा था। परिजनों की शिकायत पर गुम इंसान दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की अंतिम लोकेशन और कॉल डिटेल के विश्लेषण में मंदाकिनी वर्मा से उसका लगातार संपर्क सामने आया।
पूछताछ में आरोपी मंदाकिनी वर्मा ने बताया कि मृतक उसे कथित अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता था और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। घटना की रात भी मृतक ने उस पर दबाव बनाया, जिसके बाद उसने उसे घर बुलाया। घर पहुंचने पर उस पर लोहे के बड़े पाना से हमला किया गया।
घटना के दौरान महिला का पति रामस्नेही वर्मा जाग गया। पुलिस के अनुसार दोनों ने मिलकर कोमल वर्मा की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर में छिपाकर रखा गया और अगले दिन रामस्नेही वर्मा ने अपने भाई रूपेश वर्मा के साथ मिलकर शव को बोरी में भरकर ट्रैक्टर से ग्राम सोंढा ले जाकर फेंक दिया।
पुलिस ने मामले में रामस्नेही वर्मा, मंदाकिनी वर्मा और रूपेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238(3) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button