कबीरधामकवर्धा

कवर्धा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में दो महिला सट्टेबाज गिरफ्तार

व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सट्टा संचालन का खुलासा, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

| कवर्धा | 16 फरवरी 2026
कवर्धा शहर में अवैध सट्टा गतिविधियों पर कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो महिला सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना कवर्धा क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने सट्टा नेटवर्क पर सख्ती दिखाते हुए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से संचालित अवैध सट्टा कारोबार का खुलासा किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई वार्ड क्रमांक 01 शिवाजी कॉलोनी में की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर नंदनी उर्फ नीलू गुप्ता (42 वर्ष) को उसके घर के सामने अंकों पर सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, नगद राशि और पेन बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
दूसरी कार्रवाई वार्ड क्रमांक 05 लोहाराना के दीवारपारा क्षेत्र में की गई। यहां पूजा बांधेकर (28 वर्ष) को सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध पृथक प्रकरण दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
व्हाट्सएप ग्रुप से संचालित हो रहा था नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी महिलाएं व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर अलग-अलग समूहों के माध्यम से ‘खाईवाली’ कर सट्टा संचालन कर रही थीं। डिजिटल माध्यम से संचालित इस अवैध नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस संबंधित व्यक्तियों की पहचान और पतासाजी में जुटी हुई है तथा शीघ्र ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का स्पष्ट संदेश
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में सट्टा-जुआ, ऑनलाइन सट्टेबाजी या किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को तत्काल ऐसे धंधे बंद करने की चेतावनी दी गई है, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button