
कवर्धा, 20 दिसंबर 2025/
जिले में धान खरीदी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के लिए कलेक्टर गोपाल वर्मा ने ग्राम पनेका स्थित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर तौल, भुगतान, बारदाना एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने डीओ कटने के बाद धान का शीघ्र एवं सुचारू उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की देरी से किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने धान खरीदी फड़ को व्यवस्थित रखने, बोरियों की सही ढंग से स्टेकिंग करने तथा तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप समर्थन मूल्य पर धान खरीदी पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ की जाए। निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




