गुड़ फैक्ट्री में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार 1.30 लाख का चोरी का सामान बरामद, नाबालिग भी पकड़ाया
सीजीएन न्यूज़ | पांडातराई
पांडातराई पुलिस और साइबर टीम ने गुड़ फैक्ट्री में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए पीतल और लोहे के सामान, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपए है, बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कंझेटा निवासी लल्ला चंद्रवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 अगस्त की रात उसकी गुड़ फैक्ट्री से अज्ञात चोर पीतल व लोहे का सामान चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर थाना पांडातराई में अपराध क्रमांक 109/26, धारा 331(4), 305A बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना पांडातराई एवं साइबर थाना कबीरधाम की टीम ने सत्यनारायण मानिकपुरी (34) निवासी समनापुर अटल आवास, जिला कबीरधाम को पकड़ा। पूछताछ में उसने एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पूरा चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।
पिपरिया की फैक्ट्री में भी चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने थाना पिपरिया क्षेत्र के ग्राम नेवारीगुड़ा स्थित एक अन्य गुड़ फैक्ट्री में भी चोरी करना बताया है। इस मामले में पिपरिया पुलिस द्वारा अलग से कार्रवाई की जा रही है।



