विविध

ससुर ने सरई की लकड़ी से दामाद पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत

शराब पीने के दौरान मामूली विवाद के बाद हुई वारदात, चश्मदीद के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मंगल सिंह धुर्वे गिरफ्तार

सीजीएन न्यूज़ | कबीरधाम
तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में ससुर-दामाद के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद में ससुर ने अपने दामाद पर सरई की लकड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान दामाद की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी ससुर मंगल सिंह धुर्वे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को गंभीर अपराधों का शीघ्र निराकरण कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोड़ला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में तरेगांव जंगल थाना प्रभारी निरीक्षक संग्राम सिंह एवं पुलिस टीम ने मामले का खुलासा किया।
मध्यप्रदेश से ससुराल आया था मृतक
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि 9 अगस्त 2026 को मृतक वैशाखु सिंह मरावी अपनी पत्नी सुषमा बाई, दो बच्चों तथा सास-ससुर के साथ जिला मंडला (मध्यप्रदेश) के मातुमझोला क्षेत्र से अपने ससुराल ग्राम कोयलारी आया था। इसी दौरान शराब पीने को लेकर मृतक और उसके ससुर मंगल सिंह धुर्वे के बीच मामूली बात पर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी मंगल सिंह ने अपने दामाद वैशाखु सिंह पर सरई की लकड़ी से हमला कर दिया। हमले में वैशाखु सिंह के सिर, दाहिने हाथ की कलाई, पीठ और सीने में गंभीर चोटें आईं।
बोडला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद परिजन घायल वैशाखु सिंह को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल बोड़ला लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान 13 अगस्त 2026 को उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक कार्रवाई थाना मोतीनाला, जिला मंडला (मध्यप्रदेश) में देहाती नालसी के आधार पर की गई। बाद में घटना स्थल तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र का होने के कारण प्रकरण की डायरी संबंधित थाने को प्राप्त हुई और मूल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
निशानदेही पर सरई की लकड़ी जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने चश्मदीदों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मंगल सिंह धुर्वे को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद में अपने दामाद वैशाखु सिंह के साथ सरई की लकड़ी से मारपीट करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सरई की लकड़ी बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी मंगल सिंह धुर्वे, पिता स्व. हीरालाल उर्फ हीरासिंह धुर्वे, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम कोयलारी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button