विविध

घोंघा के विद्यार्थियों ने वीर जवानों के नाम भेजे 100 रक्षा सूत्र, देशप्रेम भरे संदेशों से जताया सम्मान

घोंघा। शासकीय हाई स्कूल घोंघा के विद्यार्थियों ने राष्ट्रव्यापी देशभक्ति अभियान “ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 2026” के तहत देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के लिए हाथों से तैयार किए गए 100 रक्षा सूत्र भेजे। विद्यार्थियों ने रक्षा सूत्र के साथ जवानों के नाम देशप्रेम और भावनाओं से भरे संदेश पत्र भी लिखे। इस पहल के माध्यम से बच्चों ने जवानों के त्याग, साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने अपने हाथों से रक्षा सूत्र तैयार किए और देश की रक्षा में जुटे सैनिक भाइयों के लिए संदेश लिखे। बच्चों ने अपने संदेशों में जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनकी कुशलता की कामना की तथा रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
इस अभियान को सफल बनाने में संस्था की व्याख्याता एवं गाइड कैप्टन भगवती हठीले तथा हेमंत कुमार सोनी ने विशेष योगदान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रक्षा सूत्र, संदेश पत्र एवं अन्य सामग्री जिला संगठन आयुक्त अजय चंद्रवंशी को सौंपे गए।
संस्था के प्राचार्य रामकुमार बघेल ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में देशप्रेम, त्याग, समर्पण, साहस और राष्ट्र की एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर तैनात जवान देशवासियों की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं, ऐसे में विद्यार्थियों की ओर से भेजा गया रक्षा सूत्र उनके प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में व्याख्याता राजेश कुमार साहू, ब्रजेश कुमार गुप्ता और अनिमा एक्का ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। शाला परिवार ने वीर जवानों की कुशलता और सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button