ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: दो फरार आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल से मिले अहम इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य

बोड़ला/कबीरधाम। कबीरधाम पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर सेल कवर्धा और पोडी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त कर महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी सुरक्षित किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 24 मई 2026 को ग्राम बैहरसरी में कार्रवाई की गई थी। उस दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव निवासी रघुवीर वर्मा आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दबिश दी। जांच के दौरान रघुवीर वर्मा के मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े लिंक, यूजर आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह कपूरचंद वर्मा और राकेश उर्फ राकू वर्मा के साथ मिलकर यह अवैध कारोबार चला रहा था।
कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी रघुवीर वर्मा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। हालांकि उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने लगातार पतासाजी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश जारी रखी। इसी क्रम में बुधवार को कपूरचंद वर्मा (31 वर्ष) और राकेश उर्फ राकू वर्मा (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बैहरसरी, चौकी पोडी, थाना बोड़ला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखे हैं।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अब इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध जुआ, सट्टा या साइबर अपराध संबंधी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





