विविध

देवी खप्पर यात्रा को लेकर कवर्धा में पुलिस अलर्ट, शहर में निकाला फ्लैग मार्च

सात सेक्टरों में बंटेगी सुरक्षा व्यवस्था, CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी; अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। नवरात्रि पर्व के अवसर पर कवर्धा में आज की दरम्यानी रात निकलने वाली पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए कबीरधाम पुलिस पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां की हैं। इसी क्रम में 18 अक्टूबर को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
एसपी के निर्देशन में निकला फ्लैग मार्च
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि धार्मिक आयोजन के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सात सेक्टरों में बंटेगी सुरक्षा व्यवस्था
देवी खप्पर यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए यात्रा मार्ग को सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मां दंतेश्वरी मंदिर, मां परमेश्वरी मंदिर और मां चंडी मंदिर से निकलने वाली यात्राओं के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें एवं पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात रहेंगी।
एकता चौक, जयस्तंभ चौक, गायत्री मंदिर चौक, महामाया मंदिर चौक और राजमहल चौक सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष पुलिस व्यवस्था रहेगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी रखने के साथ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैयार रखा जाएगा।
CCTV और ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का उपयोग किया जाएगा। पुलिस पेट्रोलिंग के साथ प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं, आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से आवश्यक समन्वय किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था पर भी रहेगा विशेष ध्यान
देवी खप्पर यात्रा में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की तैयारी की गई है। जरूरत के अनुसार प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और यातायात डायवर्जन लागू करने की व्यवस्था रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा मार्ग पर अपने वाहन खड़े न करें, यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
कबीरधाम पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से देवी खप्पर यात्रा को शांति, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।
धार्मिक भावनाएं भड़काने, अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि कवर्धा की पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा श्रद्धा, आस्था और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में इस धार्मिक परंपरा में शामिल हो सकें।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button