कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार

कवर्धा (कबीरधाम), 19 अप्रैल 2026।
जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पंडरिया थाना क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 34(2) आबकारी एक्ट के तहत एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह धनेश्री के मार्गदर्शन में थाना पंडरिया की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है।
इसी दौरान 18 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड नंबर 15 बैरागपारा, पंडरिया निवासी परमेश्वरी कोसले (23 वर्ष) अपने घर में हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब का अवैध रूप से भंडारण और बिक्री कर रही है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी महिला को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 700 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हरिशचंद्र साहू सहित आरक्षक अभिषेक शर्मा, विकाश जांगड़े, महिला आरक्षक रत्नी मरावी और दीपा की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




