
कवर्धा/नवा रायपुर।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ के मुखपत्र ‘दीपकमल’ के केंद्रीय बजट 2026-27 पर आधारित विशेषांक का नवा रायपुर स्थित विधानसभा भवन कार्यालय में विमोचन किया। इस विशेषांक में केंद्रीय बजट के प्रमुख प्रावधानों के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया छत्तीसगढ़ प्रवास से जुड़ी गतिविधियों और राज्य के विकास से जुड़े विषयों को भी विस्तार से शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर प्रकाशन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ‘दीपकमल’ का यह विशेषांक प्रदेशवासियों तक केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह विशेषांक जनसामान्य को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने का सशक्त माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रकाशन विभाग के संयोजक एवं ‘दीपकमल’ के संपादक पंकज झा, पत्रिका के प्रबंध संपादक हेमंत पाणिग्रही सहित पार्टी मीडिया विभाग के सदस्यगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने विशेषांक को पार्टी की विचारधारा और सरकार की विकासपरक नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने वाला महत्वपूर्ण प्रकाशन बताया।





