सहारा भुगतान को लेकर छोटे जमाकर्ताओं में बढ़ती बेचैनी, आखिर कब मिलेगा वर्षों की मेहनत का पैसा?
सब्जी-भाजी बेचने वाले, छोटे दुकानदार और गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित; कई जमाकर्ताओं की मौत के बाद भी परिजनों को नहीं मिला पैसा, भुगतान की रफ्तार पर उठ रहे सवाल

कवर्धा। सहारा इंडिया में जमा अपनी गाढ़ी कमाई वापस मिलने का इंतजार कर रहे हजारों छोटे जमाकर्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा प्रभावित वे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार हैं, जिन्होंने अपनी रोजमर्रा की कमाई में से थोड़ी-थोड़ी बचत कर सहारा में पैसा जमा किया था। इनमें सब्जी-भाजी बेचने वाले, छोटे दुकानदार, मजदूर और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हैं।
कई परिवारों ने अपने बच्चों की पढ़ाई, बेटियों की शादी, बीमारी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर अपनी जमा पूंजी सहारा में लगाई थी। लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी उन्हें अपनी रकम वापस मिलने का इंतजार है। स्थानीय स्तर पर ऐसे भी मामले चर्चा में हैं, जहां कुछ जमाकर्ताओं की मृत्यु हो चुकी है और कुछ परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कर्ज का बोझ और आर्थिक तंगी उनके परिजनों के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी है।
ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा भुगतान
जमाकर्ताओं का कहना है कि जिन लोगों ने अपनी छोटी-छोटी बचत से बड़ी रकम जमा की थी, उनके सामने अब तक भुगतान की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं हो पाई है। जो भुगतान हो रहा है, वह कुल जमा राशि और प्रभावित परिवारों की संख्या को देखते हुए बेहद कम प्रतीत होता है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर उनकी पूरी जमा पूंजी कब वापस मिलेगी?
सही कौन, जिम्मेदार कौन और कार्रवाई कब?
इस पूरे मामले में एक बड़ा सवाल यह भी है कि यदि जमा राशि और भुगतान से जुड़ी प्रक्रिया में कोई अनियमितता या गड़बड़ी हुई है, तो अब तक जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या ठोस कार्रवाई हुई? और यदि प्रक्रिया नियमानुसार सही है, तो फिर वर्षों से इंतजार कर रहे जमाकर्ताओं को उनका पैसा अब तक क्यों नहीं मिल पाया?
यह सवाल अब आम चर्चा का विषय बनता जा रहा है। छोटे जमाकर्ता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी जमा पूंजी की वापसी और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता चाहते हैं।
क्या बड़े आंदोलन के बाद जागेगी सरकार?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सहारा के जमाकर्ताओं को उनका पैसा कब मिलेगा? क्या सरकार और संबंधित एजेंसियां इन गरीब परिवारों की परेशानी को गंभीरता से लेंगी या फिर जमाकर्ताओं को अपनी आवाज बुलंद करने के लिए बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा?
अब जरूरत है कि सरकार, संबंधित विभाग और जिम्मेदार एजेंसियां भुगतान की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करें, लंबित दावों का समयबद्ध निराकरण करें तथा मृत जमाकर्ताओं के वैध वारिसों को भी नियमानुसार भुगतान दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाएं।
क्योंकि यह सिर्फ जमा रकम का मामला नहीं है, बल्कि उन गरीब परिवारों की जिंदगी भर की मेहनत, उम्मीद और भविष्य का सवाल है।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा




