धान खरीदी केंद्रों का जायजा लेने कवर्धा पहुंचे प्रभारी सचिव भारतीदासन, 11 उपार्जन केंद्रों का किया दौरा
खाद्य अधिकारी देवांगन के साथ धान खरीदी की व्यवस्थाओं और किसानों से जुड़ी स्थिति का लिया जायजा, भोरमदेव मंदिर कॉरिडोर का भी करेंगे निरीक्षण
कवर्धा। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था और उपार्जन केंद्रों की स्थिति का जायजा लेने के लिए आज 18 नवंबर को जिले के प्रभारी सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री भारतीदासन का दौरा कार्यक्रम निर्धारित किया गया। सुबह 10:30 बजे से शुरू हुए इस दौरे में उन्होंने जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य अधिकारी श्री देवांगन भी साथ रहे।
निरीक्षण के दौरान धान खरीदी की गति, किसानों के पंजीयन, टोकन व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता, धान की गुणवत्ता, नमी परीक्षण, तौल व्यवस्था और केंद्रों में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली जानी है। अधिकारियों का उद्देश्य खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाना तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देना है।
कवर्धा जिले में 145 धान उपार्जन केंद्र
गौरतलब है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए कबीरधाम जिले में कुल 145 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। ऐसे में प्रभारी सचिव का यह दौरा खरीदी व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भोरमदेव मंदिर कॉरिडोर का भी करेंगे निरीक्षण
धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण के बाद प्रभारी सचिव का भोरमदेव मंदिर कॉरिडोर पहुंचने का भी कार्यक्रम निर्धारित है। यहां विकास कार्यों एवं निर्माण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा। दोपहर 2 बजे तक कवर्धा मुख्यालय पहुंचने का कार्यक्रम रखा गया है।




