भव्यता के साथ मनाया जा रहा पांडातराई में महाकाली उत्सव, दर्शन के लिए उमड़ रही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़
द्वादश ज्योतिर्लिंग के साथ 51 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं बनीं आकर्षण का केंद्र, श्री विष्णु पंचायतन भावनात्मक अनुष्ठान महायज्ञ में शामिल हुए 11 यजमान

कवर्धा। पांडातराई में महाकाली उत्सव इस वर्ष भी पूरे भक्तिभाव, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी उत्सव की भव्यता और आकर्षण में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। आयोजन स्थल गुप्ता धर्मशाला के पास हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता महाकाली के दर्शन कर रहे हैं और धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
इस उत्सव का मुख्य आकर्षण द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन तथा समस्त देवी-देवताओं की 51 आकर्षक प्रतिमाएं हैं। एक ही परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन का अवसर मिलने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। प्रतिमाओं की भव्य सजावट और धार्मिक वातावरण भक्तों को आकर्षित कर रहा है।
महाकाली उत्सव के साथ-साथ यहां श्री विष्णु पंचायतन भावनात्मक अनुष्ठान महायज्ञ का भी आयोजन किया जा रहा है। यह महायज्ञ 11 यजमानों की सहभागिता में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हो रहा है। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।
धार्मिक आयोजनों के साथ श्रद्धालुओं और बच्चों के मनोरंजन के लिए परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया है। यहां विभिन्न प्रकार के आकर्षक एवं मनमोहक झूले लगाए गए हैं। मेले में परिवार सहित पहुंच रहे लोग धार्मिक दर्शन के साथ मनोरंजन का भी आनंद ले रहे हैं।
कुल मिलाकर पांडा तेलुगू इंद्र महाकाली उत्सव श्रद्धा, आस्था, धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक उत्साह का अनूठा संगम बन गया है। प्रतिदिन उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ से आयोजन की लोकप्रियता और भव्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा



