विविध

ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से कबीरधाम में परिवहन व्यवस्था ठप, 120 बसों के पहिए थमे; हाईवे पर 3 किमी तक ट्रकों की कतार

8 स्थानों पर धरना देकर चालकों ने खोला मोर्चा, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन नहीं होने से नाराजगी; सब्जियों की आवक और बाजार पर भी पड़ सकता है असर

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा, 13 नवंबर 2026
कवर्धा। ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब कबीरधाम जिले की परिवहन व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। गुरुवार को चालकों ने स्टीयरिंग छोड़कर आंदोलन शुरू किया तो यात्री बसों से लेकर मालवाहक ट्रकों तक के पहिए थम गए। कवर्धा के नए बस स्टैंड में 120 से अधिक बसें खड़ी रहीं, वहीं नेशनल हाईवे-30 पर वन जांच नाका से करीब 3 किलोमीटर तक ट्रकों की कतार लग गई। इससे यात्री परिवहन और माल ढुलाई दोनों प्रभावित हुए।
छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन और ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी के आह्वान पर शुरू हुए इस आंदोलन में जिले के बड़ी संख्या में चालक शामिल हुए हैं। हड़ताल के कारण ग्रामीण और अंतरजिला मार्गों पर बसों का संचालन प्रभावित रहा। पहले से हड़ताल की सूचना होने के कारण बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या भी कम रही, लेकिन जरूरी काम से दूसरे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
8 स्थानों पर टेंट लगाकर बैठे चालक
आंदोलन को व्यापक बनाने के लिए जिले में आठ स्थानों पर धरना शुरू किया गया है। कवर्धा के छिरहा चौक, नया बस स्टैंड, जोराताल, पंडरिया के कुई-कुकदूर, सहसपुर लोहारा बस स्टैंड, जी-श्याम फ्यूल्स लोहारा नाका, भागूटोला, बोड़ला के चिल्फी और धवईपानी में चालक टेंट लगाकर आंदोलन कर रहे हैं। यहां से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों से भी आंदोलन के समर्थन की अपील की जा रही है।
एक साल बाद भी ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन नहीं
ड्राइवरों की नाराजगी की मुख्य वजह लंबे समय से लंबित मांगें और सरकार की ओर से मिले आश्वासन पर अमल नहीं होना बताया जा रहा है। संगठन ने 25 अक्टूबर 2025 को भी राज्यव्यापी आंदोलन किया था। उस समय मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित किया गया था।
इसके बाद नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में परिवहन आयुक्त और श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सेन और राज्य कमेटी को छत्तीसगढ़ में ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाने का भरोसा दिया गया था। लेकिन करीब एक साल बीतने के बाद भी बोर्ड का गठन नहीं होने से चालकों में नाराजगी बढ़ गई है।
हड़ताल लंबी चली तो बाजार में बढ़ सकती हैं सब्जियों की कीमतें
हड़ताल का असर केवल यातायात तक सीमित नहीं रहने की आशंका है। कवर्धा मंडी में प्रतिदिन छोटे मालवाहक वाहनों के जरिए मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों, रायपुर और अन्य स्थानों से अनुमानित 20 से 30 टन सब्जियां पहुंचती हैं। यदि मालवाहक वाहनों का संचालन लंबे समय तक बंद रहा तो सब्जियों की आवक प्रभावित हो सकती है। इससे बाजार में कीमतें बढ़ने की आशंका है।
इसके अलावा व्यापारियों को भी रायपुर सहित अन्य शहरों से जरूरी सामान मंगाने में दिक्कत हो सकती है। स्कूली बसों का संचालन प्रभावित होने की स्थिति में बच्चों की आवाजाही पर भी असर पड़ सकता है।
तीन प्रमुख मांगों पर अड़े चालक
ड्राइवर महासंगठन की प्रमुख मांगों में व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करना, राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर आयोग का गठन करना और छत्तीसगढ़ में ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाना शामिल है।
छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के जिलाध्यक्ष अमित धुर्वे का कहना है कि चालक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। पहले भी आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन की मांग है कि सरकार मौखिक आश्वासन के बजाय लिखित निर्णय जारी करे। जब तक मांगों पर लिखित फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि सरकार ड्राइवरों की मांगों पर कब तक फैसला लेती है और कब सड़कों पर यात्री एवं मालवाहक वाहनों का संचालन सामान्य हो पाता है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button