पांडातराई थाने से संचालित हुआ एसपी कार्यालय, जनता से सीधे रूबरू हुए पुलिस कप्तान
एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान का छठा पड़ाव पांडातराई, जनप्रतिनिधियों और कोटवारों से किया संवाद

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा, 15 अक्टूबर 2026
कबीरधाम जिले में पुलिसिंग को जनसुलभ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) ने गुरुवार को थाना पांडातराई पहुंचकर एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय का संचालन थाने से किया। ‘एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिकायतों को गंभीरता से सुना, अधिकारियों को दिए निर्देश
थाना पांडातराई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों से पुलिस अधीक्षक ने मुलाकात की। उन्होंने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने और स्थानीय समस्याओं के प्रभावी निराकरण पर जोर दिया।
जनप्रतिनिधियों से चर्चा, कानून-व्यवस्था की समीक्षा
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
कोटवारों को सतर्क रहने की हिदायत
क्षेत्र के कोटवारों की बैठक लेकर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाई जाए। पुलिस और कोटवारों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर स्थानीय सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
साइबर ठगी से बचने की दी समझाइश
पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, अनजान लिंक और ओटीपी साझा करने से होने वाले आर्थिक नुकसान के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।




