11,521 बच्चों का MBU अटका, करीब 14 लाख की छात्रवृत्ति फंसी
लापरवाही पर जिले के सभी BEO को कलेक्टर का नोटिस, पंडरिया में सबसे ज्यादा 4,408 मामले लंबित

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। कबीरधाम जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) समय पर नहीं होने से छात्रवृत्ति की राशि अटक गई है। जिले में कुल 11,521 बच्चों का MBU लंबित है, जिसके चलते करीब 14 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। शिक्षा विभाग की ओर से स्थिति सुधारने के लिए स्कूलों में विशेष शिविर लगाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन कई ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी पालकों को शिविरों की जानकारी नहीं मिलने की शिकायत सामने आ रही है।
पंडरिया में सबसे ज्यादा बच्चे प्रभावित
आंकड़ों के अनुसार जिले के चारों विकासखंडों में MBU की स्थिति चिंताजनक है।
पंडरिया – 4,408 बच्चे
कवर्धा – 2,733 बच्चे
बोड़ला – 2,538 बच्चे
सहसपुर लोहारा – 1,842 बच्चे
कुल लंबित 11,521 बच्चों में 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के 8,317 बच्चे, जबकि 15 वर्ष से अधिक उम्र के 3,204 विद्यार्थी शामिल हैं।
20 हजार से ज्यादा बच्चों का आधार बायोमेट्रिक भी अपडेट नहीं
मामले में एक और चिंताजनक तथ्य सामने आया है। जिले में 20 हजार से अधिक ऐसे बच्चे चिन्हित किए गए हैं, जिनका अब तक आधार बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन अथवा ई-केवाईसी नहीं हुआ है।
समय पर आधार अपडेट और ई-केवाईसी नहीं होने की स्थिति में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के अलावा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शिक्षा विभाग बोला- स्कूलों में लगाए जा रहे शिविर
जिला शिक्षा अधिकारी एफआर वर्मा ने बताया कि जिले में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इसे सुधारने के लिए विभिन्न स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। खराब प्रगति को देखते हुए कलेक्टर ने सभी BEO को नोटिस जारी किया है।
उन्होंने पालकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का MBU और आधार ई-केवाईसी समय पर जरूर कराएं, ताकि छात्रवृत्ति सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्रभावित न हो।
एक नजर
11,521 – MBU लंबित बच्चे
₹14 लाख – करीब छात्रवृत्ति राशि प्रभावित
20,000+ – आधार बायोमेट्रिक/E-KYC से जुड़े अन्य बच्चे
4,408 – पंडरिया में सबसे ज्यादा लंबित मामले
8,317 – 5 से 15 वर्ष के बच्चे
3,204 – 15 वर्ष से अधिक उम्र के विद्यार्थी
क्यों जरूरी है MBU?
छात्रवृत्ति सहित कई सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे DBT के माध्यम से विद्यार्थियों के बैंक खाते में पहुंचाया जाता है। इसके लिए आधार से जुड़ी जानकारी, बायोमेट्रिक अपडेट और ई-केवाईसी महत्वपूर्ण है। MBU लंबित रहने पर छात्रवृत्ति भुगतान में तकनीकी अड़चन पैदा हो सकती है।




