2.06 करोड़ की सड़क पर सवाल: हाथ से उखड़ता डामर वायरल, अफसर बोले- औजार से किया नुकसान

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
चिमरा मेन रोड से बरभांवर मिडिल स्कूल तक जनमन योजना के तहत 2.06 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जा रही सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बनने के करीब तीन महीने बाद ही ऊपरी डामरी परत पपड़ी की तरह निकलने लगी। इसी दौरान ग्रामीणों द्वारा हाथ से सड़क का डामर उखाड़ते हुए बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क की गुणवत्ता की जांच की। विभाग ने आरडी 750 मीटर और आरडी 2480 मीटर पर कोर कटिंग कर सैंपल लिए और लैब टेस्ट कराया।
अफसरों का दावा- निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप
पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता विकास कुमार कौशिक के अनुसार, मौके पर की गई जांच और लैब टेस्ट में बेस कोर्स, इमल्शन तथा डामर की मात्रा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पाई गई। विभाग के मुताबिक सीसी सड़क, बीटी सड़क, डब्ल्यूबीएम जी-3 और अर्थवर्क का कॉम्पैक्शन भी तकनीकी मानकों के अनुसार मिला है।
आरडी 750 पर औजार से नुकसान पहुंचाने का दावा
विभाग ने सड़क की ऊपरी परत के क्षतिग्रस्त हिस्से को लेकर अलग दावा किया है। अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान आरडी 750 मीटर के पास सड़क को औजार से जानबूझकर नुकसान पहुंचाए जाने के संकेत मिले हैं।
ईई कौशिक का कहना है कि शासकीय सड़क को नुकसान पहुंचाना अलग मामला है। संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने के लिए कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया है।
ग्रामीणों के आरोप और विभाग की जांच आमने-सामने
एक ओर ग्रामीण सड़क की ऊपरी परत के कमजोर होने और निर्माण में गुणवत्ता की कमी का आरोप लगा रहे हैं, वहीं विभाग कोर कटिंग और लैब जांच के आधार पर निर्माण सामग्री को मानक के अनुरूप बता रहा है। ऐसे में अब सवाल यह है कि सड़क की ऊपरी परत आखिर क्यों उखड़ रही है और वायरल वीडियो में दिखाई दे रही स्थिति के लिए जिम्मेदारी किसकी है।
फैक्ट बॉक्स
सड़क: चिमरा मेन रोड से बरभांवर मिडिल स्कूल
योजना: जनमन योजना
लागत: करीब 2.06 करोड़ रुपए
ठेकेदार: मेसर्स एनसी नाहर
जांच: आरडी 750 और 2480 मीटर पर कोर कटिंग
विभाग का दावा: सामग्री व कॉम्पैक्शन तकनीकी मानकों के अनुरूप
विवाद: सड़क की ऊपरी परत उखड़ने का वायरल वीडियो
विभाग की कार्रवाई: सड़क को जानबूझकर क्षतिग्रस्त करने के आरोप में एफआईआर की कार्रवाई का प्रस्ताव





