विविध

ओजोन परत संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश

सीजीएन न्यूज़ | घोंघा। शासकीय हाई स्कूल घोंघा में 16 सितंबर को विश्व ओजोन संरक्षण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने ओजोन परत के महत्व और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कक्षा दसवीं के छात्र आदित्य वर्मा ने भाषण के माध्यम से बताया कि ओजोन परत पृथ्वी के वायुमंडल के समताप मंडल में लगभग 15 से 35 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता ब्रजेश गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी के पर्यावरण के लिए रीढ़ की हड्डी के समान महत्वपूर्ण है। व्याख्याता राजेश साहू ने कहा कि इस वर्ष का संदेश “जीवन के लिए ओजोन” हमें ओजोन परत के संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण सुरक्षित रखने की प्रेरणा देता है।
व्याख्याता हेमंत सोनी ने दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक जलाने से वायुमंडल प्रदूषित होता है। वहीं भगवती हठीले ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रामकुमार बघेल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित शिक्षकों को वायुमंडल को प्रदूषण से बचाने तथा पर्यावरण हितैषी कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button