दुर्घटनाएं रोकने पालिका का एक्शन, सड़कों से मवेशियों को हटाने अभियान जारी

कवर्धा। शहर की प्रमुख सड़कों पर बैठे और घूम रहे मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने नगर पालिका परिषद कवर्धा ने अभियान तेज कर दिया है। पालिका की टीम प्रतिदिन शाम को मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और व्यस्त क्षेत्रों में पहुंचकर सड़क पर मौजूद गोवंश को हटाने की कार्रवाई कर रही है।
काउ कैचर वाहनों की मदद से मवेशियों को पकड़कर लोहारा मार्ग स्थित गौधाम में भेजा जा रहा है। पालिका के अनुसार, पिछले दो दिनों में 130 मवेशियों को पकड़कर गौधाम में रखा गया है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि मुख्य सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए राजस्व एवं स्वास्थ्य टीम संयुक्त रूप से नियमित कार्रवाई कर रही है। उन्होंने पशुपालकों से भी अपने मवेशियों को खुले में नहीं छोड़ने की अपील की है।
रात में हादसे रोकने गले में रेडियम पट्टा
रात्रि के समय मवेशी वाहन चालकों को दिखाई दें, इसके लिए उनके गले में रेडियम पट्टा लगाया जा रहा है। पालिका का कहना है कि इससे अंधेरे में मवेशियों की दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
जुर्माने के साथ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों, चौक-चौराहों और अन्य स्थानों पर मवेशियों को खुला छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ नियमानुसार आर्थिक जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पशु क्रूरता अधिनियम, 1961 के तहत वैधानिक कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाएगी।
130 मवेशी दो दिन में पकड़े गए
▸ मुख्य मार्गों पर लगातार अभियान
▸ मवेशियों को गौधाम भेजा जा रहा
▸ रात में रेडियम पट्टा लगाने की पहल
▸ पशुपालकों पर जुर्माने की चेतावनी
▸ सड़क सुरक्षा को लेकर कार्रवाई तेज




