29 लाख के लाइसेंस के बावजूद अवैध चखना दुकानों से कारोबार प्रभावित
500 मीटर के दायरे में 20 दुकानों पर शराब पिलाने का आरोप, शिकायत के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई का दिया भरोसा

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा निवासी सुशीला चंद्रवंशी पति भूपेंद्र चंद्रवंशी ने राजनांदगांव बाईपास स्थित अपने चखना अहाता सेंटर के आसपास अवैध रूप से शराब पिलाए जाने को लेकर आबकारी विभाग से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा करीब 29 लाख रुपए की राशि में चखना अहाता सेंटर का लाइसेंस लिया गया है। इसके बावजूद उनकी दुकान से लगभग 500 मीटर के दायरे में करीब 20 दुकानों में बैठाकर अवैध रूप से शराब पिलाए जाने का आरोप है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इन दुकानों के कारण उनके लाइसेंस प्राप्त चखना अहाता सेंटर के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभाग को पहले भी कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है।
अधिकारी ने कहा- जानकारी मिली है, जांच कर करेंगे कार्रवाई
मामले में आबकारी विभाग के कार्यवाहक अधिकारी ने कहा कि विभाग को इससे पहले इस संबंध में जानकारी नहीं मिली थी। अब शिकायतकर्ता द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद मामले को देखा जाएगा। अधिकारी ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि राजनांदगांव बाईपास क्षेत्र में संचालित दुकानों की जांच कर बिना अनुमति शराब पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि वैध लाइसेंस लेकर व्यवसाय करने वाले संचालकों को हो रहे आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके।




