विविध

छग सीमा से कवर्धा होते हुए रायपुर तक 6-लेन एक्सप्रेसवे के रूप में होगा उन्नयन

केंद्र सरकार ने जबलपुर-मंडला-छत्तीसगढ़ सीमा-कवर्धा-सिमगा-रायपुर 6-लेन मार्ग परियोजना को दी हरी झंडी, सांसद संतोष पांडेय ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री गडकरी का जताया आभार
CGN News | कवर्धा
केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली बड़ी सड़क परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। इसके तहत जबलपुर-भोपाल ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा जबलपुर-मंडला-छत्तीसगढ़ सीमा-कवर्धा-सिमगा-रायपुर 6-लेन मार्ग परियोजना को मंजूरी मिली है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सांसद संतोष पांडेय ने बताया कि सरकार ने इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए करीब 15 हजार करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया है। प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे मध्यप्रदेश में भोपाल, सागर, दमोह, जबलपुर और मंडला से होते हुए छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश करेगा। इसके बाद छत्तीसगढ़ में चिल्फीघाटी, कवर्धा, बेमेतरा और सिमगा होते हुए रायपुर से जुड़ेगा।
भोपाल-रायपुर सफर 6 से 7 घंटे में होने की उम्मीद
इस परियोजना के पूरा होने के बाद भोपाल और रायपुर के बीच सड़क संपर्क काफी तेज और सुगम होने की उम्मीद है। वर्तमान में रायपुर से भोपाल पहुंचने में करीब 14 से 15 घंटे लगते हैं, जो नए एक्सप्रेसवे के बनने के बाद घटकर लगभग 6 से 7 घंटे रह सकता है।
इसी तरह जबलपुर से रायपुर के बीच यात्रा का समय भी काफी कम होने की संभावना है। वर्तमान में जबलपुर से रायपुर पहुंचने में करीब 7 से 8 घंटे लगते हैं, जबकि प्रस्तावित 6-लेन कॉरिडोर के निर्माण के बाद यह दूरी लगभग 3.5 से 4 घंटे में पूरी होने की उम्मीद है।
कवर्धा-चिल्फी क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ
सांसद पांडेय ने कहा कि जबलपुर से छत्तीसगढ़ सीमा, चिल्फीघाटी और कवर्धा होते हुए रायपुर तक जाने वाले हाईवे को 6-लेन एक्सप्रेसवे के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मार्ग के उन्नयन के लिए लगभग 2500 करोड़ रुपए की लागत प्रस्तावित है।
यह मार्ग मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण व्यापारिक कॉरिडोर है। इसके विकसित होने से दोनों राज्यों के बीच व्यापार, परिवहन और आवागमन को गति मिलेगी। साथ ही कवर्धा और चिल्फीघाटी क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मध्य भारत की लाइफलाइन बनेगा कॉरिडोर
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि यह पूरा इंटर-स्टेट कॉरिडोर आने वाले समय में मध्य भारत की प्रमुख लाइफलाइन बनने जा रहा है। बेहतर सड़क संपर्क से दोनों राज्यों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और माल परिवहन का समय भी कम होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकसित हो रहे मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में मध्यभारत में कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। यह परियोजना ‘विकसित भारत’ के संकल्प को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button