10 अगस्त से शुरू होगी ‘बोल बम भावना दीदी संग’ कांवड़ पदयात्रा
अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी पैदल चलकर भगवान भोलेनाथ का होगा जलाभिषेक, 16 अगस्त को यात्रा का समापन

पंडरिया। सावन मास के पावन अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘बोल बम भावना दीदी संग’ कांवड़ पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आस्था, सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ आयोजित होने वाली यह यात्रा 10 अगस्त को सुबह 7 बजे मध्यप्रदेश के अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर परिसर से शुरू होगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान मां नर्मदा की पावन धारा से जल लेकर श्रद्धालु करीब 151 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए भोरमदेव पहुंचेंगे। यात्रा का समापन 16 अगस्त को भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ होगा।
आयोजकों के अनुसार यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और जनकल्याण की कामना के संकल्प के साथ निकाली जा रही है। यात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति और सेवा भावना का संदेश भी दिया जाएगा।
मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक से भोरमदेव महादेव तक होने वाली यह कांवड़ पदयात्रा सावन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से इस पावन यात्रा में सहभागी बनने तथा यात्रा को अपना आशीर्वाद, सहयोग और समर्थन प्रदान करने की अपील की है।





