सांसद संतोष पांडेय ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से की मुलाकात, पंडरिया और बोड़ला में नए कॉलेज भवन की उठाई मांग

/कवर्धा। क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात कर कबीरधाम जिले के पंडरिया एवं बोड़ला स्थित शासकीय महाविद्यालयों के लिए नए भवन निर्माण की मांग की। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि दोनों कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि वर्तमान भवन छोटे और जर्जर हो चुके हैं।
सांसद ने बताया कि पंडरिया स्थित इंदिरा गांधी शासकीय महाविद्यालय वर्ष 1984 से संचालित है, जहां करीब एक हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। वहीं बोड़ला स्थित स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय वर्ष 2007 से संचालित है, जिसमें लगभग 700 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। दोनों कॉलेजों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाएं संचालित होती हैं, लेकिन पर्याप्त कक्ष नहीं होने के कारण दो पालियों में पढ़ाई करानी पड़ रही है।
सांसद पांडेय ने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) के तहत दोनों महाविद्यालयों के लिए नए भवन की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।





