श्री रामकृष्ण पब्लिक स्कूल में विद्यालंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, नव निर्वाचित छात्र-नेताओं ने ली सेवा और नेतृत्व की शपथ

कवर्धा। श्री रामकृष्ण पब्लिक स्कूल, कवर्धा में विद्यालंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को ज्ञान, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत कर दिया।
हाल ही में संपन्न छात्र संघ चुनाव में निर्वाचित छात्र-नेताओं का विद्यालंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इस दौरान शाला नायक-नायिका, उपशाला नायक-नायिका, क्रीड़ा नायक-नायिका, सांस्कृतिक प्रतिनिधियों तथा विभिन्न सदनों के अध्यक्षों को अलंकरण पट्टिका और बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। आकर्षक मार्चपास्ट और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। विद्यार्थियों ने “कर हर मैदान फतह” की प्रेरणादायी प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती एम. शारदा ने सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की रक्षा करते हुए निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नेतृत्व किसी पद का अधिकार नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन और उत्तरदायित्व का प्रतीक है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं रामकृष्ण पब्लिक स्कूल के संस्थापक डॉ. पी.पी. चंद्रवंशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण शिक्षण समिति के डायरेक्टर डॉ. आदित्य चंद्रवंशी ने की। बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य भी समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर ग्रेजुएशन समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें यूकेजी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन परिधान पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही सत्र 2026-27 के सभी कक्षानायकों को बैज प्रदान कर उनके दायित्वों का सम्मान किया गया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगा।




