विविध

स्कूल खुलने में 13 दिन बाकी, 1.30 लाख बच्चों को अब तक नहीं मिली किताबें-ड्रेस; 32 हजार विद्यार्थियों की मार्कशीट भी अटकी

कवर्धा। नया शिक्षा सत्र 15 जून से शुरू होने में महज 13 दिन शेष हैं, लेकिन कबीरधाम जिले में शिक्षा विभाग की तैयारियां अभी भी अधूरी हैं। जिले के लगभग 1.30 लाख विद्यार्थियों को वितरित की जाने वाली निशुल्क किताबें और स्कूल ड्रेस अब तक नहीं पहुंची हैं। वहीं कक्षा 5वीं और 8वीं के करीब 32 हजार विद्यार्थियों की अंकसूची (मार्कशीट) भी तैयार नहीं हो सकी है, जिससे प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
किताबें और ड्रेस नहीं पहुंचने से बढ़ी चिंता
शासन के नियमों के अनुसार कक्षा 1 से 10वीं तक के विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकें तथा कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों को स्कूल ड्रेस उपलब्ध कराई जानी है। हालांकि जून का पहला सप्ताह बीतने के बाद भी जिले में इन सामग्रियों की आपूर्ति नहीं हो सकी है।
कबीरधाम जिले का बड़ा हिस्सा वनांचल और दुर्गम क्षेत्रों में स्थित है। ऐसे में यदि सामग्री अभी प्राप्त भी हो जाए, तो सीमित समय में उसे सभी स्कूलों तक पहुंचाना विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
32 हजार विद्यार्थियों की मार्कशीट नहीं छपी
इस वर्ष कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं बोर्ड की तर्ज पर आयोजित की गई थीं। परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल को घोषित कर दिए गए, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद विद्यार्थियों की अंकसूची तैयार नहीं हो सकी है।
मार्कशीट उपलब्ध नहीं होने के कारण कई विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) नहीं मिल पा रहा है। इससे प्राथमिक से मिडिल और मिडिल से हाई स्कूल में प्रवेश लेने वाले छात्रों की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। पालकों को स्कूलों के लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
सरस्वती साइकिल योजना भी अधर में
जिले में कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने वाली एससी-एसटी वर्ग की छात्राओं तथा पात्र ओबीसी एवं सामान्य वर्ग की बालिकाओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित की जानी है। हालांकि नए सत्र के शुरू होने से पहले साइकिलों की आपूर्ति को लेकर भी कोई स्पष्ट स्थिति नहीं है।
जानकारी के अनुसार इस वर्ष जिले की एक हजार से अधिक छात्राओं को योजना का लाभ मिलना है। बारिश का मौसम शुरू होने से पहले साइकिल वितरण नहीं होने पर दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को स्कूल पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
विभाग ने राज्य स्तर पर आपूर्ति में देरी बताई
जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने बताया कि निशुल्क पुस्तकें, ड्रेस और साइकिल की आपूर्ति राज्य स्तर से की जाती है, जो अभी तक जिले को प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कक्षा 9वीं और 10वीं के कुछ विषयों की पुस्तकें प्राप्त हुई हैं, जिनका वितरण किया जाएगा।
मार्कशीट में विद्यार्थियों के नाम, पिता के नाम और जाति संबंधी त्रुटियां सामने आने के कारण सुधार कार्य में समय लगा। विभाग के अनुसार कक्षा 5वीं और 8वीं की अंकसूचियों की छपाई प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हर साल देरी का आरोप
स्थानीय स्तर पर सरस्वती साइकिल योजना और अन्य शैक्षणिक सामग्रियों के वितरण में हर वर्ष देरी होने के आरोप लगते रहे हैं। शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी नहीं होने से विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों में चिंता का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर किताबें, ड्रेस, मार्कशीट और साइकिल उपलब्ध नहीं होने से नए सत्र की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button