प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने भाजपा की कार्ययोजना तैयार

कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को जिला कार्यालय में जिला कार्यसमिति सह कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने, “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” के सफल आयोजन तथा संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने संगठन के विस्तार, कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला में प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रामकुमार भट्ट, पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी तथा डॉ. सियाराम साहू ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और राष्ट्रहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। वक्ताओं ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम की भूमिका जिला उपाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी ने प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शिक्षकों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, उद्यमियों, युवाओं, प्रबुद्ध नागरिकों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सम्मेलन के माध्यम से केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा तथा विकसित भारत निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों एवं जिम्मेदारियों का भी निर्धारण किया गया। 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम के लिए संतोष पटेल को संयोजक नियुक्त किया गया, जबकि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के लिए परेटन वर्मा को प्रभारी बनाया गया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर, नितेश अग्रवाल, विदेशी राम धुर्वे, कृष्ण कुमार वैष्णव, देव कुमारी चंद्रवंशी, संतोष पटेल, परेटन वर्मा सहित दो सौ से अधिक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





