
सी जी ऐन न्यूज़ | कवर्धा
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) के रवेली सब-स्टेशन में वित्तीय अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। यहां पदस्थ एक कर्मचारी पर उपभोक्ताओं से बिजली बिल की राशि वसूलकर उसे कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं करने का आरोप है। विभागीय जांच में करीब 50 लाख रुपए से अधिक की राशि के गबन की आशंका जताई गई है।
बिजली कंपनी ने इस मामले में करीब एक माह पहले पिपरिया थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन अब तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। इससे बिजली कंपनी के राजस्व प्रबंधन और पुलिस की कार्रवाई दोनों पर सवाल उठने लगे हैं।
9 साल तक चलता रहा गड़बड़ी का खेल
मामला रवेली सब-स्टेशन में पदस्थ कार्यालय सहायक श्रेणी-3 मनोज कुमार साहू से जुड़ा है। आरोप है कि उन्होंने 7 जुलाई 2014 से 25 जनवरी 2023 के बीच उपभोक्ताओं से कई बार बिजली बिल की राशि वसूली, लेकिन उसका पूरा हिसाब कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं किया।
दस्तावेजों और बैंक खातों के मिलान के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
ऑडिट और बैंक मिलान में सामने आई अनियमितता
विभागीय जांच और ऑडिट रिपोर्ट में वित्तीय वर्षों के आधार पर बड़ी गड़बड़ी सामने आई है।
वित्तीय वर्ष 2020-21: लगभग 33.79 लाख रुपए की अनियमितता
वित्तीय वर्ष 2022-23: लगभग 14.63 लाख रुपए की गड़बड़ी
विशेष अभियान के दौरान: लगभग 4.92 लाख रुपए का अंतर
इस तरह कुल मिलाकर 50 लाख रुपए से अधिक की राशि का हिसाब नहीं मिल रहा है।
आरोपी कर्मचारी निलंबित, जांच अधिकारी नियुक्त
मामला सामने आने के बाद बिजली कंपनी ने आरोपी कर्मचारी मनोज कुमार साहू को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के लिए अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही पुलिस को लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की गई है।
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
शिकायत दिए जाने के एक महीने बाद भी मामला दर्ज नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
एएसपी पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी से शिकायत प्राप्त हुई है। कंपनी से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिम्मेदारों के बयान
जेई कोमल साहू (तत्कालीन प्रभारी, रवेली):
उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जानकारी उन्हें नहीं थी, क्योंकि उनका ट्रांसफर हो चुका था। बाद में जानकारी मिली कि पदस्थ कर्मचारी द्वारा पैसों का हेरफेर किया गया है और मामले की जांच चल रही है।
कार्यपालन अभियंता जीएस फ्लोरा (कवर्धा डिवीजन):
उन्होंने बताया कि रवेली केंद्र में राजस्व संग्रहण की राशि बैंक में जमा नहीं होने का मामला सामने आया है। प्रथम दृष्टया कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है और जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।





