कबीरधामकवर्धा

अशोका पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों का स्वर्णिम स्वागत, प्रदेश को दिलाया डबल गोल्ड; 50 पदकों की ऐतिहासिक उपलब्धि

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा स्थित अशोका पब्लिक स्कूल ने वर्ष 2026 में खेल जगत में ऐतिहासिक सफलता अर्जित करते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कुल 50 पदक अपने नाम किए हैं। विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल स्कूल बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
इसी क्रम में आयोजित 69वीं शालेय राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल जूनियर प्रतियोगिता, जो गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में संपन्न हुई, में छत्तीसगढ़ ने ऐतिहासिक “डबल गोल्ड” जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीमों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
इस उपलब्धि में विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ी सोहम सिंह राजपूत, शुभम सेन एवं पूजा चंद्रवंशी की अहम भूमिका रही। वहीं इससे पूर्व सौम्या चंद्राकर ने अंडर-15 वर्ग में छत्तीसगढ़ को स्वर्ण पदक दिलाकर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया था।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से स्वर्ण पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का विद्यालय परिसर में भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने पुष्पमालाओं एवं तालियों की गूंज के साथ खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। पूरे परिसर में गौरव और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
विद्यालय संचालक श्री पवन देवांगन, संचालिका श्रीमती सारिका देवांगन, प्राचार्य एस. एल. नापित, उपप्राचार्य लोकनाथ देवांगन एवं प्रबंधक सागर नामदेव ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की सतत मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस सत्र में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर 50 पदकों की ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय के खेल शिक्षक राजा जोशी, मनीष निषाद, मीरा साहू एवं शैलेंद्र सिंह की विशेष सराहना की गई। उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण ने खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
नगरवासियों एवं अभिभावकों में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष का वातावरण है। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button