
कवर्धा, 8 दिसंबर 2025। पिछले दो वर्षों में महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को लेकर किए गए महत्वपूर्ण प्रयासों ने कवर्धा में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा प्रदान की है।
महतारी वंदन योजना से 251.63 करोड़ का लाभ
महतारी वंदन योजना के तहत कवर्धा विधानसभा की 1 लाख 30 हजार से अधिक महिलाओं को अब तक 251 करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। 21 किश्तें जारी होने के बाद हाल ही में 22वीं किश्त भी महिलाओं के खातों में पहुंची है। यह राशि महिलाओं के बच्चों की शिक्षा और घरेलू जरूरतों में सहायक सिद्ध हो रही है।
409 कन्याओं का सामूहिक विवाह
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत कवर्धा क्षेत्र की 409 कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया गया।
गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी जांच—1000 से अधिक लाभान्वित
वनांचल क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क सोनोग्राफी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अब तक 1,000 से अधिक महिलाओं को इन सुविधाओं का लाभ मिला है, जिससे जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण सुधार देखने को मिला है।
महिला स्वरोजगार—100 से अधिक सिलाई मशीन वितरण
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 100 से अधिक महिलाओं को सिलाई मशीन वितरित की गई हैं, जिससे वे रोजगार के नए अवसरों से जुड़ रही हैं।
लखपति दीदी योजना—13,924 महिलाएँ बनी आर्थिक रूप से सक्षम
कवर्धा विधानसभा में 6,158 स्व-सहायता समूह बनाए गए हैं। आजीविका गतिविधियों से जुड़कर 13,924 महिलाएँ “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जो आर्थिक आत्मनिर्भरता का उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।
महतारी सदन—महिला सशक्तिकरण का नया केंद्र
कबीरधाम जिले में महतारी सदन योजना के तहत 19 महतारी सदन स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 5 का लोकार्पण किया जा चुका है, जबकि 14 भवनों का कार्य 3.45 करोड़ रुपये की लागत से प्रगति पर है। ये केंद्र महिलाओं के प्रशिक्षण, सहयोग और विकास का नया आधार बन रहे हैं।




