
कबीरधाम, 24 मार्च 2026।
जिले में एक बड़ी चोरी की वारदात को कबीरधाम पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। थाना लोहारा पुलिस की सतर्कता और लगातार रात्रि गश्त के चलते एटीएम काटने की साजिश रच रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी नंदलाल साहू (30 वर्ष), निवासी छोटूपारा, भारी कर्ज से परेशान था। उसने यूट्यूब वीडियो देखकर गैस कटर से एटीएम मशीन काटने की तकनीक सीखी और एक ही बार में कर्ज खत्म करने के उद्देश्य से चोरी की योजना बनाई।
रात्रि गश्त के दौरान एटीएम चेकिंग करते समय पुलिस टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से गैस कटर, सिलेंडर, सब्बल, नकाब, मोटरसाइकिल समेत अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि वह पहले कई स्थानों पर एटीएम काटने का प्रयास कर चुका था, लेकिन हर बार असफल रहा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।





