
कवर्धा
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा सत्र के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की चर्चा में ग्रामीण विकास, जनसुरक्षा और जनप्रतिनिधियों के मानदेय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने जिला व जनपद पंचायत अध्यक्ष-सदस्यों तथा ग्राम पंचायत सरपंचों के कम मानदेय का उल्लेख करते हुए इसमें वृद्धि की मांग की। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात पुलिस जवानों के वेतन में सम्मानजनक बढ़ोतरी करने की भी मांग रखी।
विधायक बोहरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बड़ी आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है, इसलिए सड़क, आवास, पेयजल और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कई प्रमुख सड़कों—चचेड़ी से फांदतोड़ व्हाया बिटकुली, सिंघनपूरी से बोईरडीह व्हाया गुढ़ा, कोलेगांव से अमलीमालगी, देवसरा से कुई और गांगीबहरा से बीरानपुरखुर्द—के नवीनीकरण की मांग भी सदन में रखी।
इसके अलावा उन्होंने ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये तक के कार्य वास्तविक रूप से दिए जाने की आवश्यकता बताई, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल सके। जनसुरक्षा को मजबूत करने के लिए उन्होंने पंडरिया क्षेत्र के कोदवागोडान में नई पुलिस चौकी तथा कांपादाह और कामठी में पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।





