कबीरधामकवर्धा

कबीरधाम में डिजिटल जनगणना की तैयारी, 1 मई 2026 से घर-घर पहुंचेगी टीम

कवर्धा। देश की सबसे बड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया अब कागज-कलम से निकलकर पूरी तरह डिजिटल होने जा रही है। वर्ष 2027 में होने वाली जनगणना पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। कबीरधाम जिले में इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और अधिकारियों को इसके लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला कार्यालय में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म, डेटा एंट्री प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में कलेक्टर और प्रमुख जनगणना अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बार आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्धता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनगणना निदेशालय रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर कविंद्र कुमार रंगारी और आशीष मिश्रा ने अधिकारियों को टैबलेट के माध्यम से डेटा दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। बताया गया कि इस बार जनगणना में जुटाई गई जानकारी सीधे ऑनलाइन सिस्टम में अपलोड होगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और आंकड़ों का विश्लेषण भी तेजी से हो सकेगा।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना में भवन, मकान और परिवार तीनों की परिभाषा अलग-अलग होती है। कई बार एक ही भवन में एक से अधिक मकान और एक मकान में एक से अधिक परिवार रह सकते हैं। इसलिए सही पहचान और सटीक प्रविष्टि बेहद जरूरी है, क्योंकि छोटी-सी गलती भी पूरे डेटा को प्रभावित कर सकती है।
जिले में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान गणना का कार्य किया जाएगा। इस अवधि में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में हर भवन और मकान की गिनती की जाएगी। इसके बाद फरवरी 2027 में मुख्य जनगणना चरण शुरू होगा, जिसमें परिवारों और उनके सदस्यों की विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा गया कि जनगणना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि राष्ट्रीय दायित्व है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रक्रिया को पूरी तरह समझ लें और फील्ड में जाने से पहले अपनी सभी शंकाओं का समाधान कर लें, ताकि जनगणना का कार्य सटीक और व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button