
कबीरधाम। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को लेकर महिला कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है। महिला कांग्रेस की कबीरधाम जिलाध्यक्ष श्रीमती सीमा अनंत ने बजट को “घोर निराशाजनक” बताते हुए कहा कि इसमें महिलाओं, युवाओं, किसानों और मजदूरों की उपेक्षा साफ नजर आ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के सशक्तिकरण, रोजगार और सुरक्षा के लिए कोई ठोस नीति या नई योजना का प्रावधान नहीं किया गया है। साथ ही युवाओं के लिए नई भर्तियों या रोजगार सृजन का स्पष्ट उल्लेख न होना चिंताजनक है। कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास को लेकर भी बजट में ठोस प्रावधानों का अभाव बताया गया।
श्रीमती अनंत ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा रोजगार गारंटी योजना को नए स्वरूप में लागू करने और 40 प्रतिशत राज्यांश की बात कही गई है, लेकिन राज्य बजट में इसके लिए राशि आवंटित नहीं की गई। उन्होंने आशंका जताई कि इससे मनरेगा जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन पर असर पड़ सकता है। उन्होंने निष्कर्ष में कहा कि “यह बजट संकल्प नहीं, बल्कि शक का बजट है।”




