
कबीरधाम (छत्तीसगढ़)। थाना सिंघनपुरी जंगल क्षेत्र में नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में कबीरधाम पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना सिंघनपुरी जंगल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर विशेष टीम गठित कर पतासाजी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका को आरोपी सुरजपाल (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 20, रावणभाटा, मंदिर हसौद, जिला रायपुर के कब्जे से रायपुर से दस्तयाब किया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा बालिका के बयान दर्ज किए गए।
पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के पश्चात उसे 13 फरवरी 2026 को रात्रि 9:30 बजे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बताया कि नाबालिगों से संबंधित अपराधों पर सख्त एवं संवेदनशील कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।





