विविध

कबीरधाम जिले में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के सख्त निर्देश

जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी और लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर

कवर्धा, 14 फरवरी 2026। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिले की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त की जाए। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न होने देने पर जोर दिया। जहां भी शिकायत प्राप्त हो, वहां त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई), निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। शासन की प्राथमिकता वाली योजना जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के कार्यों की प्रगति पर गहन चर्चा हुई।
कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित विभागों और सरपंचों के साथ संयुक्त बैठक कर तत्काल समाधान निकालने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिन गांवों में जल जीवन मिशन के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां ग्राम पंचायतों को हैंडओवर की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर सर्टिफिकेशन सुनिश्चित किया जाए। कई स्थानों पर छोटे-मोटे कार्य शेष रहने के कारण प्रमाणन लंबित है, जिन्हें प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिन ग्रामों में तकनीकी बाधा नहीं है, वहां हैंडओवर प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।
कलेक्टर ने प्रगति की निगरानी के लिए कार्यों का वर्गीकरण 100 प्रतिशत, 95 प्रतिशत, 90 प्रतिशत और 90 प्रतिशत से कम पूर्णता के आधार पर करने तथा नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। जल स्रोतों की कमी, तकनीकी दिक्कतों एवं अन्य बाधाओं को चिन्हित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
साथ ही पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को असुविधा न हो। अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा की निगरानी करने के लिए कहा गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय पोयाम, कार्यपालन अभियंता दिलीप राजपूत, उप संचालक कृषि विभाग अमित मोहंती, विद्युत विभाग, क्रेडा सहित संबंधित अधिकारी एवं एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button