
कवर्धा, 6 दिसंबर 2025/
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति एवं पोर्टफोलियो जज, कबीरधाम रजनी दुबे ने 6 दिसंबर को जिला एवं सत्र न्यायालय कबीरधाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय के प्रत्येक कक्ष का अवलोकन किया तथा प्रशासनिक अधिकारियों को भवन के उचित रख-रखाव और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
न्यायमूर्ति ने निर्माणाधीन भवन एवं कैंटीन परिसर का भी निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों को कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने आगामी नेशनल लोक अदालत (13 दिसंबर 2025) के सफल आयोजन हेतु न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों के निराकरण पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कबीरधाम के अधिवक्ताओं ने न्यायमूर्ति रजनी दुबे का स्वागत किया तथा विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस अवसर पर उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ के रजिस्ट्रार विजिलेंस मंसूर अहमद भी उपस्थित रहे।




