कबीरधामकवर्धा

उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री  शर्मा के विशेष प्रयासो से कबीरधाम जिले को मिली एक और उपलब्धि

कबीरधाम जिले को मिली पहली महिला थाना की सौगात, महिलाओं को मिलेगी कानूनी सुरक्षा और सम्मान

कवर्धा, 15 जनवरी 2025। प्रदेश मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के निर्देश पर महिलाओं के लिए कानूनी सुरक्षा देने, बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से नए महिला थाना खोलने की अनुमति दी जा रही है। इस तारतम्य में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री  विजय शर्मा की पहल से राज्य शासन ने कबीरधाम जिले में कवर्धा में महिला थाना खोलने की अनुमति प्रदान की है। यह थाना जिले की पहली महिला थाना होगी, जो न केवल महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम में सहायक होगी, बल्कि उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित करेगी। इस थाना का विधिवत शुभारंभ उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा गुरुवार को करेंगे।

 

अस्थायी भवन में होगा संचालन, आधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध

 

महिला थाना का संचालन फिलहाल थाना कोतवाली के पास स्थित पुराने पुलिस लाइन के सामुदायिक भवन में किया जाएगा। यह अस्थायी भवन प्रभारी कक्ष, बड़ा हॉल, दो पार्टीशन किए गए काउंसलिंग रूम, और पृथक प्रसाधन कक्ष जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है। भवन के बाहर ग्रीन नेट से अस्थायी बाउंड्री बनाई गई है, जिसमें आगंतुकों के लिए वेटिंग एरिया और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के अनुसार, भविष्य में महिला थाना के लिए स्थायी भवन का निर्माण प्राथमिकता में रहेगा।

 

*महिला थाना में थाना प्रभारी सहित 23 टीम की तैनाती*

 

पुलिस अधीक्षक  धर्मेंद्र सिंह छवई ने बताया कि महिला थाना में कुल 23 कर्मियों की नियुक्ति की गई है, जो महिलाओं की शिकायतों का समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

 

महिला थाना की जिम्मेदारी उप निरीक्षक शांता लकड़ा को सौंपी गई है, जो प्रभारी के रूप में कार्यभार संभालेंगी। उनके साथ सहायक उप निरीक्षक देमन टेकाम और विजया कैवर्त्य की नियुक्ति की गई है। महिला प्रधान आरक्षक के रूप में सुकमत मेरावी, स्वीटी आनंद, बिमला धुर्वे, मान कुमारी राज और ज्योति नायडू नियुक्त हुई हैं। महिला आरक्षक के रूप में अंकिता गुप्ता, रजनी टोप्पो, संगीता टंडन, थलेश्वरी निषाद, नम्रता वारे, पुर्णिमा नुरेठी, रुखमणी मेरावी, पुष्पा साहू, दीपा राय, नंदनी ओगरे, तीजन मेरावी, प्रियंका सिंह और तुलसी चंद्रवंशी की तैनाती की गई है। इसके अलावा आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर और आशीष चंद्रवंशी भी टीम का हिस्सा होंगे।

 

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक  धर्मेंद्र सिंह छवई ने बताया कि महिला थाना की स्वीकृति मिलने से जिले में महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एक बड़ा कदम साबित होगा। यह थाना न केवल महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायक होगा, बल्कि पीड़ितों को त्वरित और सशक्त कानूनी सहायता प्रदान करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि महिला थाना महिलाओं को एक ऐसा सुरक्षित और संवेदनशील माहौल प्रदान करेगा, जहां वे अपनी समस्याओं और शिकायतों को बिना किसी भय या झिझक के व्यक्त कर सकेंगी। इसके माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाएगा।

श्री छवई ने इस बात पर भी जोर दिया कि यह थाना महिलाओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। थाना के माध्यम से न केवल महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जाएगी, बल्कि समाज में उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बढ़ाने के प्रयास भी किए जाएंगे।

 

*महिलाओं के खिलाफ अपराधों की स्थिति*

 

पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र छवई ने बताया कि

वर्ष 2024 में कबीरधाम जिले में महिलाओं के खिलाफ कुल 222 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें बलात्कार के 37, छेड़छाड़ के 49, प्रताड़ना के 36, अपहरण के 96 और शीलभंग के 4 मामले शामिल हैं। वर्तमान में 26 प्रकरण लंबित हैं, जिन्हें महिला थाना कवर्धा में जांच के लिए स्थानांतरित किया जाएगा। इन प्रकरणों के निपटारे से पीड़ित महिलाओं को न्याय मिलेगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Advertisement Advertisement 2 Advertisement 3 Advertisement 4

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button