कबीरधामकवर्धा

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कबीरधाम में 272 जोड़ों का सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री ने वर्चुअल रूप से दिया आशीर्वाद

कवर्धा, 10 फरवरी 2026।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को कबीरधाम जिले के सरदार पटेल मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। शुभ मुहूर्त में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ 272 जोड़े सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंधे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा पंडरिया विधायक भावना बोहरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने नवदंपतियों को बधाई देते हुए सुखी और सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। विधि-विधान से पंडितों द्वारा विवाह संस्कार संपन्न कराए गए और सात वचनों का संकल्प दिलाया गया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंच से नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े को 35-35 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक एवं आवश्यक सामग्री भेंट की। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल बनकर उभरी है और बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो रहा है। उन्होंने इसे कबीरधाम जिले के लिए गर्व का विषय बताया कि रायपुर के बाद यहां सबसे अधिक जोड़ों का विवाह एक साथ हुआ है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरुआत वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने की थी, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बड़ी चिंता दूर हुई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में योजना के तहत 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें 35 हजार रुपये का चेक शामिल है।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह सामूहिक विवाह समारोह एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण है, जहां दूर-दराज से आए परिजन और बाराती एक साथ इस आयोजन के साक्षी बने। उन्होंने कहा कि इस योजना ने बेटियों के विवाह को लेकर परिवारों की चिंता को काफी हद तक कम किया है।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने बेटियों के अभिभावक की भूमिका निभाते हुए दूल्हों और वर पक्ष का स्वागत किया। पुरानी मंडी से बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ 272 दूल्हों की सामूहिक बारात निकाली गई, जिसका महामाया मंदिर के पास पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।
छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति की झलक भी समारोह में देखने को मिली। बरातियों का स्वागत ‘डंडा खेल’ की आकर्षक प्रस्तुति से किया गया, जिसने आयोजन को और भी खास बना दिया।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button