
कवर्धा, 22 जनवरी 2026।
सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम रणवीरपुर स्थित जैन ट्रेडर्स एवं दाल मिल में मंडी प्रशासन ने औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण में फर्म परिसर में कुल 4738 बोरी धान एवं अन्य अनाज का अवैध भंडारण पाए जाने पर प्रशासन ने संपूर्ण अनाज जप्त कर लिया।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि फर्म द्वारा अनाज भंडारण से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। अनियमितता पाए जाने पर मौके पर ही जप्ती की कार्रवाई की गई।
कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर मंडी सचिव भंडारी एवं मंडी इंस्पेक्टर मनोज वैष्णव के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। जप्त अनाज में 4453 बोरी धान, 90 बोरी चना, 170 बोरी तुअर, 10 बोरी सोयाबीन एवं 15 बोरी गेहूं शामिल हैं।
मंडी प्रशासन ने छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 की धारा 20/23 के तहत जप्ती प्रकरण दर्ज करते हुए मौके पर पंचनामा एवं सुपुर्दनामा तैयार किया। निरीक्षण के दौरान लेखपाल प्रहलाद सिंह ठाकुर एवं सहायक ग्रेड–2 अशोक गुप्ता भी उपस्थित रहे।
मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेज के अनाज भंडारण करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





