विविध

पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले बुलेट चालकों पर पुलिस का शिकंजा, 25 मॉडिफाई साइलेंसर उतरवाए

अस्पतालों, स्कूलों और रिहायशी इलाकों में दहशत फैलाने वालों को अंतिम चेतावनी, दोबारा पकड़े जाने पर होगी कड़ी वैधानिक कार्रवाई

कवर्धा | सीजीएन न्यूज़
शहर की सड़कों पर बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अब कबीरधाम यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। नियमों को ताक पर रखकर वाहनों में अवैध मॉडिफाई साइलेंसर लगाने और जानबूझकर तेज धमाकेदार आवाज निकालने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 बुलेट मोटरसाइकिलों से अवैध साइलेंसर निकलवाए हैं। वाहन चालकों को अंतिम चेतावनी देते हुए स्पष्ट कर दिया गया है कि दोबारा इस तरह की हरकत सामने आने पर बख्शा नहीं जाएगा।
दरअसल, जिले के अस्पतालों, स्कूलों, गली-मोहल्लों और रिहायशी क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ बुलेट चालक जानबूझकर मॉडिफाई साइलेंसर के जरिए पटाखे जैसी धमाकेदार आवाज निकालते हैं। इससे अस्पतालों में उपचाररत मरीजों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार अचानक होने वाली तेज आवाज से लोग भयभीत भी हो जाते हैं। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक यातायात नियमों और सामाजिक जिम्मेदारियों की खुलेआम अनदेखी कर रहे थे।
एसपी के निर्देश पर मैदान में उतरी यातायात पुलिस
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव ने यातायात प्रभारी को ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई करने और अवैध मॉडिफाई साइलेंसर तत्काल निकलवाने के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा यातायात उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देश में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक श्री अजयकांत तिवारी के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान शहर में 25 बुलेट मोटरसाइकिलों से अवैध मॉडिफाई साइलेंसर निकलवाए गए।
शौक के नाम पर लोगों की शांति भंग करना बर्दाश्त नहीं
पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि मोटरसाइकिल चलाना व्यक्तिगत स्वतंत्रता हो सकती है, लेकिन उसकी आड़ में आम नागरिकों की शांति, मरीजों के आराम और बच्चों की पढ़ाई में खलल डालने का अधिकार किसी को नहीं है। सड़कें किसी की निजी जागीर नहीं हैं। नियमों को ताक पर रखकर तेज धमाकेदार आवाज निकालना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
पुलिस की दो टूक चेतावनी
कबीरधाम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि अपने वाहनों में लगे अवैध मॉडिफाई साइलेंसर स्वयं निकलवा लें। यदि दोबारा इस प्रकार के साइलेंसर का उपयोग करते पाए गए तो उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिक भी ऐसे वाहन चालकों की जानकारी तत्काल यातायात पुलिस को दें।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर में शांति व्यवस्था, आम नागरिकों की सुविधा और बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अवैध मॉडिफाई साइलेंसर के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button