कवर्धा: घर और किराना दुकान में चोरी करने वाले मध्यप्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार, ₹1.74 लाख की संपत्ति जब्त

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस, बालाघाट के दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। सहसपुर लोहारा थाना पुलिस ने ग्राम छोटूपारा में घर और किराना दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 74 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुसरे (29 वर्ष), निवासी अकलपुर, थाना मलाजखंड और अमर मरकाम (24 वर्ष), निवासी डोंगरिया, थाना बिरसा, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
ताला तोड़कर घर और दुकान से उड़ाई थी नकदी व जेवर
पुलिस के मुताबिक, ग्राम छोटूपारा निवासी किराना व्यवसायी रेवाराम साहू 18 अक्टूबर 2026 को गांव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गए थे। रात करीब 1:30 बजे घर लौटने पर उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारियों और लॉकर को तोड़कर सामान बिखेर दिया गया था। घर से सोने के नौ आभूषण, चांदी का करधन और अन्य सामान सहित नकदी चोरी हुई थी। किराना दुकान के काउंटर से भी नकदी गायब मिली।
मामले में थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। इसके बाद पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी के आभूषण बरामद किए गए।
मोटरसाइकिल सहित 1.74 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों से करीब 74 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा लगभग एक लाख रुपये कीमत की अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 74 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के दो अन्य मामलों में भी उनकी संलिप्तता बताई गई है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देश पर की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




