वोट चोरी के आरोपों को लेकर शहर कांग्रेस का प्रदर्शन, सिग्नल चौक पर बांटे पर्चे
लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखने का ऐलान

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को सिग्नल चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों के बीच पर्चे वितरित कर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध जताया। यह कार्यक्रम राष्ट्रव्यापी ‘वोट चोरी जन आंदोलन’ के तहत आयोजित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भाजपा सरकार का कथित संरक्षण मिलने तथा चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों को लेकर विरोध जताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है। मताधिकार के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए और चुनाव प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है।
जन-जन तक पहुंचाएंगे वोट चोरी का मुद्दा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नागरिकों को पर्चे बांटकर वोट चोरी से जुड़े मुद्दों की जानकारी देने का प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठने वाले सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
ये रहे उपस्थित
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कवर्धा ग्रामीण अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, संतोष यादव, भीषम पांडे, तुकेश्वर साहू, सितेश चंद्रवंशी, जलेश्वर यादव, गणेश योगी, बिन्नू तिवारी, दोगेंद्र सेन, बाबा खान, बिलाल खान, प्रशांत परिहार, दुर्गेश जायसवाल, सुधांशु बघेल, राजा झरिया, भरत राजपूत सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।





