धार्मिक आस्था का भरोसा दिलाकर ज्वेलर्स से 5 से 6 तोला सोने के आभूषण की ठगी
20 हजार रुपए दिखाकर चढ़ावे के नाम पर चेन-अंगूठी ले गया आरोपी, बिना नंबर की बाइक से पहुंचा था
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। कबीरधाम जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धार्मिक आस्था का विश्वास दिलाकर ज्वेलर्स से सोने के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। श्री शिव ज्वेलर्स के संचालक छोटे लाल सोनी के साथ हुई इस घटना में करीब 5 से 6 तोला सोने के आभूषण ठगे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान और पतासाजी में जुटी है।
गुप्त दान और चढ़ावे की बात कहकर बनाया भरोसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति कुर्ता-पायजामा पहनकर श्री शिव ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचा। उसने धार्मिक आस्था से जुड़ी बातें करते हुए शक्ति मंदिर में गुप्त दान और चढ़ावा चढ़ाने की बात कही। आरोपी ने दुकान संचालक को करीब 20 हजार रुपए दिखाए और इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण भी चढ़ावे में शामिल करने की बात कही।
आरोपी ने इसी बहाने दुकान संचालक की सोने की चेन और अंगूठी अपने पास ले ली। उसने कहा कि चढ़ावे की सामग्री मंदिर में रखी जाएगी और शाम को वापस ले ली जाएगी। उसकी बातों पर विश्वास कर संचालक ने आभूषण उसे दे दिए।
मंदिर पहुंचने पर नहीं मिली नकदी और ज्वेलरी
कुछ समय बाद जब संबंधित स्थान पर जाकर देखा गया तो वहां न तो बताई गई नकदी मिली और न ही सोने के आभूषण। इसके बाद ठगी का पता चला और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
बिना नंबर की बाइक से पहुंचे थे आरोपी
प्रारंभिक पतासाजी में घटना में बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक व्यक्ति दुकान के आसपास मौजूद था, जबकि दूसरा व्यक्ति कुछ दूरी पर खड़ा होकर रेकी कर रहा था।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना में शामिल आरोपियों की पतासाजी जारी है।



