चांदी की माला झपटमारी और सोने की पत्ती चोरी का आरोपी गिरफ्तार
साथी आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस को मिली सफलता, चांदी का रुपया व सोने की पत्ती बरामद

सीजीएन न्यूज़ | कबीरधाम
कबीरधाम पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चांदी की माला झपटमारी एवं सोने की पत्ती चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक नग चांदी का रुपया एवं एक नग सोने की पत्ती बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के निर्देशन में चौकी पोड़ी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
महिला के गले से झपटी थी चांदी की माला
मामले में प्रार्थी रामबनवास साहू, निवासी कारेसरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच ग्राम कारेसरा में रोशन कोटवार के खेत के पास उसकी चाची अमृत बाई के गले में पहनी 9 नग चांदी की रुपया माला को दो मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्तियों ने झपट लिया। आरोपियों ने धारदार वस्तु से वार भी किया और मौके से फरार हो गए।
रिपोर्ट पर चौकी पोड़ी में अपराध क्रमांक 178/2025, धारा 304, 309(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
साथी आरोपी से पूछताछ में खुला राज
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रकरण से जुड़े प्रार्थी एवं गवाहों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। इसी दौरान थाना पिपरिया के अपराध क्रमांक 215/2026, धारा 304 बीएनएस में गिरफ्तार आरोपी राधेलाल चतुर्वेदी से पूछताछ की गई।
पूछताछ में राधेलाल ने ग्राम बैहरसरी निवासी गुलाबचंद राय (22 वर्ष) के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना बताया। इसके बाद पुलिस ने गुलाबचंद राय की पतासाजी कर उसे उसके निवास से चौकी लाकर पूछताछ की।
जुआ में कर्ज के बाद बनाई झपटमारी की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपी गुलाबचंद राय ने बताया कि वह राधेलाल चतुर्वेदी का दोस्त है। दोनों जुए में रुपये हारने के कारण कर्ज में आ गए थे। कर्ज चुकाने के लिए दोनों ने चोरी एवं झपटमारी करने की योजना बनाई थी।
आरोपी के अनुसार, 6 नवंबर 2025 को दोनों राधेलाल की मोटरसाइकिल से ग्राम कारेसरा पहुंचे। वहां एक महिला के गले में चांदी की माला देखकर राधेलाल ने माला झपट ली और धारदार हसिया से महिला पर वार किया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। झपटमारी में मिले चांदी के रुपयों में से एक-एक रुपया दोनों ने आपस में बांट लिया।
बुजुर्ग महिला के गले से सोने की पत्ती भी चोरी
पूछताछ में आरोपी ने 11 अप्रैल 2026 को ग्राम गण्डईकला मोड़ के पास एक बुजुर्ग महिला के गले में पहनी सोने की पत्ती चोरी करने की घटना में भी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि वह राधेलाल चतुर्वेदी एवं नैनदास के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा था। मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बहाने महिला के पास जाकर हसिया की मदद से उसके गले में पहनी माला काटकर सोने की पत्तियां चोरी की गई थीं।
आरोपी की निशानदेही पर माल बरामद
आरोपी के मेमोरेण्डम कथन एवं उसके द्वारा प्रस्तुत किए जाने पर पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में एक नग चांदी का रुपया एवं एक नग सोने की पत्ती विधिवत जप्त की।
प्रकरण में आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर गुलाबचंद राय को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में विवेचना जारी है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कबीरधाम पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी एवं पारंपरिक पुलिसिंग के माध्यम से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।





