कबीरधाम में अपराधियों पर सख्ती, पुलिस ने अपनाई जीरो टॉलरेंस नीति

कबीरधाम जिला में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सख्त रुख अपनाया गया है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने की। इस दौरान लंबित अपराधों और चालान योग्य मामलों की थाना-वार समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गंभीर मामलों में शीघ्र चालान प्रस्तुत कर जांच को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
लंबित मर्ग प्रकरणों में तेजी लाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में लगातार दबिश देकर हर हाल में आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
बैठक में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग, रात्रिकालीन गश्त और फ्लैग मार्च बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम हो और अपराधियों में कानून का डर बना रहे।
अवैध गतिविधियों पर सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने अवैध शराब, नशीले पदार्थों, जुआ-सट्टा, आईपीएल सट्टा और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा वैज्ञानिक साक्ष्यों से संबंधित लंबित रिपोर्टों को प्राथमिकता से प्राप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा एमएलसी प्रकरणों में आवश्यक चिकित्सीय और कानूनी प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





