
कवर्धा -: भागीय सरस मेले में भोरामदेव ऑर्केस्ट्रा एंड म्यूजिकल ग्रुप ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान गायक कलाकार अन्नू श्रीवास्तव, प्रदीप भलावे और स्वाति यादव ने एक से बढ़कर एक सदाबहार पुराने नग्मे प्रस्तुत कर ऐसा समा बांधा कि दर्शक अपनी जगह से उठ नहीं सके।
अन्नू श्रीवास्तव, जिन्हें कवर्धा शहर का किशोर कुमार कहा जाता है, ने किशोर दा के लोकप्रिय गीतों को अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं प्रदीप भलावे और स्वाति यादव ने मोहम्मद रफ़ी और लता मंगेशकर के गीतों को बेहद भावपूर्ण अंदाज में गाकर माहौल को और भी सुरीला बना दिया।
ग्रुप के संचालक अन्नू श्रीवास्तव और प्रदीप भलावे ने बताया कि उनके दल में सदाबहार और अमर गीतों का विशाल संग्रह है, जिन्हें वे मंच पर जीवंत बनाए रखते हैं। साथ ही दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ी और नए गीतों की भी प्रस्तुति दी जाती है।
उन्होंने बताया कि भोरामदेव ऑर्केस्ट्रा ग्रुप छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के कई जिलों में अपनी प्रस्तुति दे चुका है। धार्मिक आयोजनों में गरबा, जसगीत और भजन की प्रस्तुतियां भी लगातार दी जा रही हैं। इसके अलावा शादी, बर्थडे पार्टी और अन्य आयोजनों में भी ग्रुप के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होते रहते हैं।
आज के दौर में जहां पुराने गीत धीरे-धीरे लुप्त होते जा रहे हैं, वहीं यह ग्रुप अपनी सुरीली आवाज के माध्यम से उन भूले-बिसरे नग्मों को जीवित रखने का सराहनीय प्रयास कर रहा है और श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन कर रहा है





