
कवर्धा। चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी के पावन अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा भव्य कन्या पूजन, कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें प्रदेश एवं शहर की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके पश्चात 1111 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उनके पैर धोकर सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। कन्याओं को भोजन के साथ उपहार भी भेंट किए गए, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर मणिकांत त्रिपाठी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सेवा भाव से कार्यक्रम को सफल बनाया।
महाअष्टमी के इस विशेष आयोजन में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें कवर्धा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण और उत्साह देखने को मिला।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि नवरात्रि में कन्या पूजन और भोज सनातन धर्म की परंपरा और भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।




